UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में एक महिला ने अपने 2 बेटों के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक व्यक्ति ग्राम प्रधान था। हत्या के बाद शव को घर से करीब 500-700 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया गया और फिर पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई। घटना थाना शिवली क्षेत्र के संबलपुर गांव की है।

मृतक का नाम प्रेम नारायण (उम्र लगभग 50 वर्ष) है, जो गांव के प्रधान थे। सोमवार को उनकी पत्नी शिव देवी, अपने दोनों बेटों रवि और रंजीत के साथ थाना पहुंची और बताया कि प्रेम नारायण रविवार रात से लापता हैं। पुलिस ने जब शिव देवी और दोनों बेटों से पूछताछ शुरू की तो उनके बयानों में विरोधाभास नजर आया। शक के आधार पर जब गहराई से पूछताछ की गई तो पूरी सच्चाई सामने आ गई।

पूछताछ में पता चला कि प्रेम नारायण को शराब पीने की आदत थी, जिसका परिवार वाले लगातार विरोध करते थे। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Exit mobile version