चतरा। सदर थाना क्षेत्र की बरैनी पंचायत के घूरनाडीह गांव के पास शुक्रवार सुबह तड़गू नदी (चटनिया) में दो बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों बच्चों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, उनके साथ नदी में नहाने गए तीसरे बच्चे का भी पता नहीं चल पाया है। आशंका है कि वह भी नदी के गहरे पानी में डूब गया है।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार सुबह तीन बच्चे एक साथ नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दो बच्चे नदी के गहरे हिस्से में चले गए और डूब गए। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने पानी में शव तैरते देखे और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नदी किनारे मिला सामान
पुलिस की तलाशी के दौरान घटनास्थल के पास दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और कुछ अन्य सामान मिले हैं। पुलिस इन सामानों के आधार पर बच्चों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
तीसरे बच्चे की तलाश जारी
दो बच्चों के शव मिलने के बाद तीसरे बच्चे की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस और ग्रामीण नदी के आसपास खोजबीन कर रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि तीसरा बच्चा नदी में डूबा है या किसी तरह सुरक्षित निकल गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




