Washington News : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कड़ा व्यापारिक रुख अपनाते हुए फिलीपींस सहित छह और देशों पर भारी आयात शुल्क (टैरिफ) लगाने का फैसला किया है। ट्रंप प्रशासन के मुताबिक ये टैरिफ 1 अगस्त 2025 से लागू होंगे।

ट्रंप ने बुधवार को इन देशों के नेताओं को औपचारिक पत्र भेजकर जानकारी दी कि लीबिया, इराक और अल्जीरिया से आने वाले सामानों पर 30%, मोल्दोवा और ब्रुनेई पर 25% जबकि फिलीपींस पर 20% आयात शुल्क लगाया जाएगा।

इस कदम के बाद इस सप्ताह टैरिफ से प्रभावित देशों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। इससे पहले अमेरिका ने थाईलैंड, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों पर भी शुल्क बढ़ाया था।

एक कैबिनेट बैठक में ट्रंप ने स्पष्ट किया कि 1 अगस्त 2025 की समयसीमा अंतिम है और कोई रियायत नहीं दी जाएगी। हालांकि, अगर कोई देश इससे पहले अमेरिका से समझौता करना चाहता है, तो बातचीत की गुंजाइश है।

ट्रंप ने साफ चेतावनी दी, “अगर दूसरे देश अपने टैरिफ बढ़ाते हैं, तो हम और शुल्क जोड़ेंगे।”
गौरतलब है कि अप्रैल में घोषित रिसिप्रोकल टैरिफ नीति को पहले 90 दिन के लिए टाल दिया गया था, लेकिन अब 7 जुलाई को हस्ताक्षरित आदेश के अनुसार ये निश्चित रूप से लागू होंगे।

अब तक ब्रिटेन, वियतनाम और चीन को इस टैरिफ नीति से आंशिक राहत मिली है क्योंकि उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते किए हैं।

Share.
Exit mobile version