फॉण्ट कनवर्टर NEW

अररिया-गलगलिया रेल खंड पर 16 जून को होगा ट्रायल रन, रेलवे ने जारी की सुरक्षा चेतावनी

Katihar : कटिहार रेलमंडल की एक बड़ी परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। अररिया-गलगलिया रेल खंड पर 16 जून को प्रायोगिक ट्रायल रन प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया का उद्देश्य नवनिर्मित रेलवे लाइन की सुरक्षा और संचालन की क्षमता का मूल्यांकन

अपनी भाषा में पढ़ें

Katihar : कटिहार रेलमंडल की एक बड़ी परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। अररिया-गलगलिया रेल खंड पर 16 जून को प्रायोगिक ट्रायल रन प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया का उद्देश्य नवनिर्मित रेलवे लाइन की सुरक्षा और संचालन की क्षमता का मूल्यांकन करना है।

कटिहार रेलमंडल के सीनियर डीसीएम ने गुरुवार शाम जानकारी देते हुए बताया कि यह ट्रायल रन पूर्ण ट्रेन के रूप में किया जाएगा। चूंकि इस नए रेल खंड पर अभी तक कोई भी लेवल क्रॉसिंग सक्रिय नहीं है, इसलिए रेलवे द्वारा आम जनता के लिए विशेष सावधानियां और निर्देश जारी किए गए हैं।

रेलवे प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों, ग्रामीणों, पशुपालकों और बच्चों से अपील की है कि वे 16 जून को सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक रेलवे ट्रैक के आसपास न जाएं। रेलवे ट्रैक पार करने, ट्रैक के नजदीक खेलने या किसी भी प्रकार की गतिविधि को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। यदि कोई व्यक्ति या वाहन ट्रैक पर पाया गया, तो इसे गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना जाएगा।

रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि ट्रायल रन के दौरान ट्रेन तेज गति से गुजर सकती है, इसलिए सभी को सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, ठेकेदार, मजदूर और तकनीकी स्टाफ को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल आवश्यकता अनुसार ही ट्रैक के पास उपस्थित रहें और पर्याप्त दूरी बनाए रखें।

अररिया-गलगलिया रेल परियोजना की कुल लंबाई 111 किलोमीटर है, जिसमें 15 स्टेशन और हॉल्ट शामिल हैं। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात की सुविधा बेहतर होगी, स्थानीय लोगों को आवागमन में आसानी होगी, और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस नए रेल खंड से न केवल परिवहन व्यवस्था में सुधार आएगा बल्कि यह स्थानीय आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ट्रायल रन के सफल संपन्न होने के बाद इस मार्ग पर नियमित ट्रेन संचालन शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम माना जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram