जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बामनगोड़ा (जाकिरनगर) स्थित केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा से एक बड़ा वित्तीय गबन का मामला सामने आया है। बैंक के लॉकर में गोल्ड लोन (सोना ऋण) के एवज में गिरवी रखे गए लगभग 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये मूल्य के सोने के पैकेट रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गए हैं। बैंक की आंतरिक ऑडिट में इस गंभीर गड़बड़ी का खुलासा होने के बाद पुलिस में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
मामले में बिष्टुपुर स्थित केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के रीजनल मैनेजर एम. रामानाथन की शिकायत पर आजादनगर थाने में केस दर्ज किया गया है। एफआईआर में शाखा के तत्कालीन सीनियर मैनेजर मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, तत्कालीन शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो तथा दो अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि यह कथित गबन 12 जून 2024 से 18 जून 2024 के बीच हुआ है। वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी इस शाखा में पदस्थ नहीं है।
ऑडिट में पकड़ी गई गड़बड़ी
बैंक नियमों के तहत हर तीन महीने पर होने वाली नियमित ऑडिट प्रक्रिया के दौरान जब गोल्ड लोन के रजिस्टरों का लॉकर में मौजूद सोने से मिलान किया गया, तो कई ग्राहकों के गिरवी रखे सोने के पैकेट गायब मिले। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने तुरंत आंतरिक जांच शुरू की और गड़बड़ी की पुष्टि होने पर आजादनगर पुलिस से संपर्क किया।
थाना प्रभारी चंदन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बैंक की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की प्राथमिक पूछताछ शुरू कर दी है और लॉकर संचालन की प्रक्रिया, सीसीटीवी फुटेज तथा तत्कालीन अधिकारियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। उधर, बैंक प्रबंधन भी समानांतर स्तर पर अपनी प्रशासनिक जांच में जुटा है ताकि इस गबन के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।




