Koderma: नगरपालिका निर्वाचन के तहत मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने संयुक्त रूप से पॉलीटेक्निक कॉलेज, बागीटांड में बने स्ट्रांग रूम एवं मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिया कि स्ट्रांग रूम परिसर में 24 घंटे बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा प्रवेश द्वार पर अधिकृत व्यक्तियों की ही एंट्री हो। सुरक्षा रजिस्टर का नियमित एवं सुव्यवस्थित संधारण करने के भी निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या से त्वरित निपटने हेतु सीसीटीवी टेक्निशियन को तीन पालियों में प्रतिनियुक्त रखा जाए, ताकि निगरानी व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित हो सके। साथ ही, मतगणना केंद्र पर पर्याप्त विद्युत बैकअप, पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा बलों की तैनाती, बाहरी एवं आंतरिक घेराबंदी, संवेदनशील बिंदुओं की पहचान तथा प्रवेश पास प्रणाली को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना स्थल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share.
Exit mobile version