रांची: झारखंड के हटिया और खिजरी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस समस्या के समाधान और वोटर लिस्ट में सुधार की मांग को लेकर झारखंड छात्र संघ (JSS) ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी तथा जिला निर्वाचन पदाधिकारी को एक मांग पत्र सौंपा है। छात्र संघ का आरोप है कि बड़ी संख्या में स्थानीय और योग्य मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से अचानक गायब कर दिए गए हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश और असमंजस की स्थिति है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए झारखंड छात्र संघ के केंद्रीय अध्यक्ष एस. अली ने बताया कि हटिया विधानसभा (64) के तहत नगड़ी प्रखंड के नारो पंचायत और अन्य मतदाता क्षेत्रों में गंभीर लापरवाही देखने को मिल रही है। विशेषकर भाग संख्या 53, 54, 56, 57 और बूथ संख्या 126, 127, 128, 138 एवं 139 के अंतर्गत आने वाले 2003 के वोटर लिस्ट से कई योग्य स्थानीय मतदाताओं के नाम गायब हैं।

हैरानी की बात यह है कि ये सभी ऐसे मतदाता हैं जो संयुक्त बिहार के समय (1995) से लगातार मतदान करते आ रहे हैं। उनके पास वर्ष 1995 और झारखंड राज्य गठन के बाद 2003 में जारी व अपग्रेड किए गए वैध पहचान पत्र भी मौजूद हैं। इन लोगों ने पिछले वर्ष 2025 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसके बावजूद, वर्तमान में 2003 के वोटर लिस्ट में नाम न होने के कारण ये मतदाता और उनके परिजन अपनी एसआईआर (SIR) मैपिंग कराने से वंचित रह गए हैं।

दूसरी ओर, खिजरी विधानसभा (62) के ओरमांझी प्रखंड के कुच्चू (भाग संख्या-9, बूथ संख्या-15, 16) में एक अलग ही तकनीकी समस्या सामने आ रही है। यहाँ के 2003 के वोटर लिस्ट में मतदाताओं के नाम और क्रम संख्या तो दर्ज हैं, लेकिन जब बीएलओ (BLO) मैपिंग की जा रही है, तो सिस्टम पर ‘Multiple RECORD FOUND’ का मैसेज दिखाई दे रहा है। इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण किसी भी मतदाता की मैपिंग नहीं हो पा रही है, जिससे स्थानीय लोग मानसिक रूप से काफी परेशान हैं।

इसके अलावा, पूरे राज्य में 2003 की मतदाता सूची में मानवीय भूलों की भी भरमार है। कई जगह महिला और पुरुष मतदाताओं के पति या पिता के नाम की जगह परिवार के किसी अन्य सदस्य का नाम चढ़ा दिया गया है। नाम की स्पेलिंग और टाइटल (उपनाम) में भी ढेरों गलतियां हैं। इन त्रुटियों के कारण परिजनों को मैपिंग कराने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मांग पत्र सौंपने के दौरान रंजीत उरांव, रांची जिला ग्रामीण यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष आरिफ अंसारी, शोएब अख्तर, फिरोज अहमद, नसीम अंसारी, गुलफाम अंसारी, मुश्ताक अहमद, मोकर्रम अंसारी, मुमताज अंसारी, शाहनवाज अंसारी, सरवर, राकिब, आसिफ, प्रवेज, जावेद और सरफराज सहित कई अन्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे। छात्र संघ ने निर्वाचन आयोग से इस दिशा में तुरंत ठोस कदम उठाने और तकनीकी खामियों को दूर करने की मांग की है।

Share.
Exit mobile version