फॉण्ट कनवर्टर NEW

सावन में कांवरियों का स्वागत और नशामुक्ति का संकल्प, कर्बला चौक बना सर्वधर्म सौहार्द का प्रतीक

Ranchi News : पवित्र सावन के दूसरे सोमवार को राजधानी रांची में सर्वधर्म एकता और सामाजिक जागरूकता की एक खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। कर्बला चौक, लोअर बाजार में सर्वधर्म सद्भावना समिति, सेंट्रल मुहर्रम कमिटी रांची और कर्बला चौक दुकानदार समिति के संयुक्त तत्वावधान में

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi News : पवित्र सावन के दूसरे सोमवार को राजधानी रांची में सर्वधर्म एकता और सामाजिक जागरूकता की एक खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। कर्बला चौक, लोअर बाजार में सर्वधर्म सद्भावना समिति, सेंट्रल मुहर्रम कमिटी रांची और कर्बला चौक दुकानदार समिति के संयुक्त तत्वावधान में कांवरियों के लिए भव्य स्वागत शिविर लगाया गया।

इस शिविर में श्रद्धालुओं को चाय, पानी और दवा वितरित की गई। कार्यक्रम में न सिर्फ सेवा भाव दिखा, बल्कि आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश भी दिया गया, जो झारखंड की सांस्कृतिक विविधता और सहिष्णुता को दर्शाता है।

कार्यक्रम में रांची के सिटी एसपी अजीत कुमार, सिटी डीएसपी के बी रमन, थाना प्रभारी दयानंद कुमार (लोअर बाजार), आदिकांत महतो (कोतवाली) और सुनील कुमार कुशवाहा (हिन्दपीढ़ी) सहित कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।

इस अवसर पर सिटी एसपी अजीत कुमार ने कहा, “नशा आज समाज के लिए सबसे बड़ी बुराई बन चुका है। खासकर युवा पीढ़ी इसकी चपेट में आकर बर्बादी की राह पर जा रही है।” उन्होंने कहा कि नशा सभी बुराइयों की जड़ है और इसे खत्म करने के लिए समाज और प्रशासन दोनों को मिलकर प्रयास करना होगा।

उन्होंने जल्द ही एक बड़ा नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया, जिसमें सर्वधर्म समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

सर्वधर्म संगठनों के प्रतिनिधियों – मो. इसलाम, अकीलुर्रहमान, हाजी माशूक ने कहा कि रांचीवासी सदियों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने हेतु सभी धर्मों के प्रमुखों को जोड़ने और प्रशासनिक सहयोग के साथ बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

सागर कुमार, जीतेन्द्र गुप्ता, परवेज आलम सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस अभियान में सहयोग देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में दीपक तेवारी, सरफराज सड्डू, भीम सिंह, मो. सरफराज, मो. अब्दुल्लाह समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram