फॉण्ट कनवर्टर NEW

टोन्टो थाना क्षेत्र में 31 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या का राज पर्दाफाश

Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। हेंदेबुरु गांव के समीप जंगल से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस जांच में

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। हेंदेबुरु गांव के समीप जंगल से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान हेंदेबुरु निवासी दुलबू लागुरी के 31 वर्षीय पुत्र सेलाय लागुरी के रूप में की गई है।

शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट होता है कि युवक की बेहद बेरहमी से हत्या की गई है। हत्यारों ने पत्थर से उसके सिर को कुचलकर जान ली और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में फेंक दिया। मृतक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जो संघर्ष और क्रूरता की ओर इशारा करते हैं।

पुलिस के अनुसार, सेलाय लागुरी 19 जनवरी की शाम से लापता था। परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया था। बुधवार को गांव के एक ग्रामीण ने जंगल में शव देखा, जिसके बाद उसने गांव के मुंडा (मुखिया) को इसकी सूचना दी। मुंडा द्वारा तुरंत टोन्टो थाना को जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही टोन्टो थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, वहीं मृतक के हालिया संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित हत्या प्रतीत होती है और जल्द ही मामले का खुलासा करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस घटना के बाद हेंदेबुरु और आसपास के गांवों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram