Koderama News;  सैक्रेड हार्ट स्कूल, झुमरी तिलैया, कोडरमा ने एक बार फिर जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। विद्यालय को विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 11वीं राष्ट्रीय स्तरीय जापान ऑन कैनवास चित्रकला प्रतियोगिता 2025 में स्टार स्कूल अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता एक्सपीरियंस जापान द्वारा आयोजित की गई, जिसका भव्य आयोजन कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में हुआ। इस सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त मेजर जनरल पीके सहगल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। जबकि कोजी सातो, महानिदेशक, जापान फाउंडेशन विशिष्ट अतिथि थे। कार्यक्रम में अन्य गणमान्य अतिथियों में प्रमोद शर्मा, प्राचार्य, सेक्रेड हार्ट स्कूल; डॉ. गौरव शर्मा, अध्यक्ष, नेकी की राह; जितेंद्र मेहता, अध्यक्ष, एक्सपीरियंस जापान तथा तन्वी, पीआरओ, एक्सपीरियंस जापान शामिल रहे।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 206 विद्यालयों के करीब 6000 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सेक्रेड हार्ट स्कूल, झुमरी तिलैया को विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और उत्कृष्ट कला प्रदर्शन के लिए स्टार स्कूल अवार्ड के लिए चयनित किया गया। विद्यालय की ओर से यह सम्मान प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मेजर जनरल पीके सहगल एवं विशिष्ट अतिथि कोजी सातो से जितेंद्र मेहता की उपस्थिति में प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। इस प्रकार के मंच छात्रों को अंतरराष्ट्रीय संस्कृति से जोड़ते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि जापान ऑन कैनवास जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के हजारों प्रतिभागियों के बीच हमारे विद्यार्थियों ने अपनी कला और कल्पनाशक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और वैश्विक दृष्टिकोण का विकास करती हैं। यह उपलब्धि संपूर्ण सेक्रेड हार्ट स्कूल परिवार के लिए गर्व का विषय है और विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुई है।

Share.
Exit mobile version