फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

जिस सहेली पर था भरोसा, उसी ने मां के साथ मिलकर रची अपहरण की साजिश!

चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया है। इस सनसनीखेज मामले में पैसों के लालच के लिए सहेली की मां और उसके सहयोगी द्वारा रची गई साजिश का खुलासा हुआ है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Chatra: विश्वास की डोर जब अपनों के ही हाथों से कटने लगे, तो रिश्तों पर से भरोसा उठ जाता है। चतरा के हंटरगंज से सामने आई यह घटना झकझोर देने वाली है। हंटरगंज प्रखंड स्थित वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के मामले में एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने लापता बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है, और जांच में यह बात सामने आई है कि इस अपहरण के पीछे कोई बाहरी गिरोह नहीं, बल्कि खुद बच्ची की सहेली, सहेली की मां और उनके एक सहयोगी का हाथ था। पैसों के लालच में इस पूरी साजिश को अंजाम दिया गया था, जिसका पर्दाफाश होने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।

पैसों के लालच में रची गई थी खौफनाक साजिश

मिली जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय नाबालिग बीते सोमवार को अपनी मां से यह कहकर घर से निकली थी कि वह अपनी सहेली के घर जा रही है। इसके बाद वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने सहेली के घर जाकर पूछताछ की, लेकिन वहां सहेली और उसके परिजनों ने उसके आने से साफ इनकार कर दिया। कोई सुराग न मिलने पर परेशान परिजनों ने मंगलवार को वशिष्ठ नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच और बच्ची के बयानों से यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि इस पूरी साजिश की मुख्य सूत्रधार सहेली की मां सुनीता देवी थी। आरोपियों ने बच्ची को बहला-फुसलाकर उसके घर से पैसे लाने के लिए उकसाया। झांसे में आकर नासमझ बच्ची अपने घर में रखे 30 हजार रुपये निकालकर उनके पास पहुंच गई। रुपये हाथ लगने के बाद आरोपियों ने भेद खुलने के डर से बच्ची को अपने घर में ही बंधक बना लिया।

पुलिस की दबिश और रची गई झूठी कहानी

मंगलवार की शाम जब पुलिस की सक्रियता और दबिश बढ़ने लगी, तो आरोपियों में हड़कंप मच गया। पकड़े जाने के डर से उन्होंने बच्ची को डरा-धमकाकर छोड़ने का नाटक रचा। आरोपियों ने बच्ची पर दबाव बनाया कि वह घर जाकर झूठ बोले कि उसकी मां उसके साथ मारपीट करती है, जिससे तंग आकर वह गया भाग गई थी और अब ‘जय मंगला’ बस से वापस लौटी है। तय योजना के मुताबिक, सहयोगी विकास ठाकुर बच्ची को लेकर घंघरी चौक पहुंचा और वहां खड़ी बस के सामने उसे छोड़ दिया। लोगों को गुमराह करने के लिए विकास ने सबके सामने बच्ची को डांटा और नाटक किया कि वह बिना बताए कहां चली गई थी।

बच्ची की आपबीती से उठा पर्दा, ग्रामीणों ने पकड़े आरोपी

बरामदगी के बाद परिजन बच्ची को अपने घर ले आए। रात के वक्त जब बच्ची का डर थोड़ा कम हुआ, तो उसने रोते-रोते अपने माता-पिता को पूरी दास्तां सुनाई। उसने यह भी खुलासा किया कि बंधक बनाए जाने के दौरान आरोपी फोन पर उसे कहीं और बेचने की बातें कर रहे थे। यह खौफनाक सच सुनकर परिजनों और ग्रामीणों के होश उड़ गए। गुस्साए ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा और वशिष्ठ नगर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram