Ranchi: राजधानी रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद मंगलवार देर रात गंभीर रूप ले लिया। मामले में एक महिला ने झारखंड हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता पर फोन पर गाली-गलौज और छेड़खानी करने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष यानी अधिवक्ता ने महिला के पति पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी अधिवक्ता की पहचान विशाल के रूप में बताई जा रही है, जो मूल रूप से गिरिडीह के रहने वाले हैं।
विवाद की शुरुआत और आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट परिसर में वाहन पार्किंग को लेकर मंगलवार शाम दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी, जो देखते-देखते बढ़ गई। महिला का आरोप है कि आरोपी अधिवक्ता ने उन्हें फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और अश्लील बातें कहीं।
जब महिला ने इस बात की जानकारी अपने पति को दी, तो उन्होंने अधिवक्ता की इस हरकत का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद अधिवक्ता ने पति के साथ मारपीट की। महिला ने यह भी दावा किया कि घटना के समय अधिवक्ता नशे की स्थिति में थे। सूत्रों के अनुसार, पुलिस की प्राथमिक जांच में अधिवक्ता द्वारा शराब के सेवन किए जाने की पुष्टि भी हुई है।
थाने में उमड़े समर्थक, देर रात तक बनी रही गहमागहमी
घटना के बाद महिला अपने पति के साथ शिकायत दर्ज कराने पुंदाग ओपी पहुंची। वहीं, दूसरी ओर से अधिवक्ता भी थाने पहुंचे। मामले की जानकारी मिलने पर उनके समर्थन में बड़ी संख्या में अन्य अधिवक्ता भी पुंदाग ओपी पहुंच गए, जिससे थाने परिसर में देर रात तक गहमागहमी और तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस की कार्रवाई
पुंदाग थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही अपार्टमेंट के निवासी हैं और विवाद की जड़ पार्किंग को लेकर उपजा तनाव है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मिली लिखित शिकायतों को दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






