Patna: बिहार के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार प्रशासनिक सेवा (बिप्रसे) के तेजतर्रार अधिकारी प्रीतम कुमार को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। जारी आदेश के मुताबिक, प्रीतम कुमार अब भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधीन कार्यरत राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) में डिप्टी जनरल मैनेजर (HR & Admin) के महत्वपूर्ण पद पर अपनी नई सेवाएं देंगे।
तेजस्वी यादव के थे आप्त सचिव
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रीतम कुमार वर्तमान में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आप्त सचिव (Personal Secretary) के हाई-प्रोफाइल पद पर कार्यरत थे। केंद्र सरकार की अनुशंसा पर अब उनकी सेवाएं औपचारिक रूप से नई दिल्ली स्थित एनएचआईडीसीएल को सौंप दी गई हैं। इसके साथ ही विभाग ने अधिसूचना जारी होने की तिथि से ही उन्हें उनके वर्तमान पद से तत्काल प्रभाव से विरमित (Relieve) कर दिया है, ताकि वे बिना किसी विलंब के दिल्ली जाकर अपना नया कार्यभार ग्रहण कर सकें।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा
गौरतलब है कि एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) केंद्र सरकार के सड़क परिवहन मंत्रालय के अधीन काम करने वाला एक बेहद प्रमुख और रणनीतिक सार्वजनिक उपक्रम (PSU) है। यह उपक्रम देश के दुर्गम, पहाड़ी और सामरिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्गों तथा अन्य महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं के निर्माण का कार्य संभालता है। ऐसे में इस बड़े उपक्रम के मानव संसाधन एवं प्रशासन जैसे शीर्ष पद पर प्रीतम कुमार की नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।
बिहार सरकार द्वारा जारी यह हाई-प्रोफाइल अधिसूचना सूबे के राज्यपाल के आदेश से निर्गत की गई है, जिस पर सरकार के उप सचिव राजीव रंजन दास के हस्ताक्षर मौजूद हैं। प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि बिहार प्रशासनिक सेवा में लंबे समय तक कार्य करने के दौरान अर्जित जमीनी प्रशासनिक अनुभव का बड़ा लाभ प्रीतम कुमार को केंद्र सरकार की राष्ट्रीय अवसंरचना परियोजनाओं के प्रबंधन में मिलेगा।




