Supaul: ट्रैक्टर हादसा में गुरुवार दोपहर सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दुलारी गांव में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। खेत से पटुआ (जूट) काटकर ट्रैक्टर से बोराई के लिए ले जा रहे किसान ट्रेलर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई।
हादसा कैसे हुआ
मृतक की पहचान दुलारी गांव निवासी 55 वर्षीय राधेश्याम साह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह ट्रैक्टर पर पटुआ लादकर बोराई के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। इसके बाद ट्रेलर का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चालक हुआ फरार
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। ग्रामीणों ने किसान को ट्रेलर के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच शुरू
सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर हादसा की सूचना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस का बयान
पिपरा थाना के अपर थानाध्यक्ष सह प्रभारी थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ट्रैक्टर हादसा के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




