सिमडेगा: सिमडेगा समाहरणालय सभागार में टीडीएस/टीसीएस आउटरीच प्रोग्राम 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकारी विभागों के अधिकारियों को टीडीएस और टीसीएस से जुड़े नियमों की जानकारी देना और आयकर से संबंधित काम समय पर पूरा करने के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान झारखंड की डिप्टी कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स आइसा सिंह ने उपायुक्त और एसपी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
TDS और TCS के नियमों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में जिले के सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों (DDO) को टीडीएस कटौती और टीसीएस संग्रह से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को अलग-अलग स्लैब, निर्धारित प्रतिशत और आयकर नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही आयकर रिटर्न भरने की प्रक्रिया, अंतिम तारीख और समय पर रिटर्न जमा करने के महत्व को भी समझाया गया।
नियमों का पालन नहीं करने पर हो सकती है कार्रवाई
कार्यक्रम में अधिकारियों को बताया गया कि 1 अप्रैल 2026 से लागू आयकर अधिनियम, 2025 के प्रावधानों के अनुसार काम करना जरूरी है।
समय पर आयकर रिटर्न दाखिल नहीं करने और नियमों का पालन नहीं करने पर लगने वाले जुर्माने और संभावित कानूनी कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों की समस्याओं का किया गया समाधान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों से उनके कामकाज से जुड़ी जानकारी ली गई। साथ ही टीडीएस और टीसीएस से संबंधित सवालों पर मार्गदर्शन दिया गया।
इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी और उनके सहायक उपस्थित रहे।






