Jamshedpur: रेलवे द्वारा परिचालन कारणों से ट्रेनों के संचालन में बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है, जिसका सीधा असर टाटानगर स्टेशन और इससे होकर गुजरने वाली कई यात्री, मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों पर पड़ेगा। जनवरी के अलग-अलग तिथियों में कई ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, कुछ को आंशिक रूप से समाप्त या प्रारंभ किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जनवरी 2026 को चलने वाली 68077/68078 आद्रा–वसंतपुर–आद्रा मेमू पैसेंजर ट्रेन को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। वहीं 19 जनवरी 2026 को चलने वाली 18019/18020 जगदलपुर–धनबाद–जगदलपुर एक्सप्रेस भी इस दिन नहीं चलेगी।

इस खबर को भी पढ़ें : टाटानगर रेल यात्री सावधान! 4 जनवरी तक दर्जनों ट्रेनें रद्द, देखें पूरी लिस्ट

इसके अलावा 22 जनवरी 2026 को 18019/18020 जगदलपुर–धनबाद–जगदलपुर एक्सप्रेस को बोकारो स्टील सिटी (बीकेएससी) में ही आंशिक रूप से समाप्त और वहीं से प्रारंभ किया जाएगा। इस दौरान बोकारो से धनबाद के बीच ट्रेन का परिचालन नहीं होगा। इसी तरह 19, 22 और 24 जनवरी 2026 को चलने वाली 13503/13504 बर्धमान–हटिया–बर्धमान मेमू एक्सप्रेस को गोमो स्टेशन में ही आंशिक रूप से समाप्त और प्रारंभ किया जाएगा, जिससे गोमो से हटिया के बीच सेवा बाधित रहेगी।

23 और 25 जनवरी 2026 को चलने वाली 68090/68089 आद्रा–मेदिनीपुर–आद्रा मेमू ट्रेन को गड़बेटा से ही चलाया जाएगा। गड़बेटा से मेदिनीपुर के बीच इस ट्रेन का संचालन नहीं होगा। वहीं 20 जनवरी 2026 को चलने वाली 68056/68060 टाटानगर–आसनसोल–बराभूम मेमू पैसेंजर ट्रेन को आद्रा में ही आंशिक रूप से समाप्त व प्रारंभ किया जाएगा, जिससे आद्रा से आसनसोल के बीच सेवा रद्द रहेगी। इसका असर टाटानगर से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

मार्ग परिवर्तन के तहत 20, 21 और 24 जनवरी 2026 को चलने वाली 18601 टाटानगर–हटिया एक्सप्रेस को चांडिल–गुंडा बिहार–मुरी मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन सामान्य तौर पर चांडिल–पुरुलिया–कांशीडीह–मुरी रूट से गुजरती है।

इसके अलावा 18 जनवरी 2026 को चलने वाली 12021 हावड़ा–बड़बिल एक्सप्रेस को धनबाद पावर स्टेशन (डीपीएस) में ही समाप्त कर दिया जाएगा। डीपीएस से बड़बिल के बीच यह ट्रेन नहीं चलेगी। वहीं उसी दिन 12022 बड़बिल–हावड़ा एक्सप्रेस को डीपीएस से ही प्रारंभ किया जाएगा, जिससे बड़बिल से डीपीएस के बीच सेवा रद्द रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

Share.
Exit mobile version