रांची : राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा के हॉस्टल में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा की पहचान गोड्डा निवासी अंजली सुमन के रूप में हुई है। उसका शव हॉस्टल नंबर-9 स्थित कमरे में पंखे से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद अंजली अपने कमरे में चली गई थी। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उसकी सहेलियों को शक हुआ। उन्होंने कमरे के अंदर देखा तो अंजली फंदे से लटकी मिली। इसके बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर बीआईटी ओपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल की जांच की। मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।




