Jamshedpur news: श्रद्धेय दीनानाथ पांडेय स्मारक समिति की ओर से रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय बारात भवन परिसर में उनकी पुण्यतिथि पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर असंगठित क्षेत्र से जुड़े 150 से अधिक श्रमिकों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय दीनानाथ पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय रहे। विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ यूनियन नेता राकेश्वर पांडेय, टुन्नू चौधरी, चंदेश्वर खां, सुबोध श्रीवास्तव, यूनियन लीडर अमित सिंह, आरके सिंह, रामनारायण शर्मा और शिवशंकर सिंह शामिल थे। कार्यक्रम के संयोजक भाजपा नेता अमित शर्मा थे। मंच पर स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी व वरीय जदयू नेता आशुतोष राय भी मौजूद रहे।

राकेश्वर पांडेय ने कहा कि दीनानाथ पांडेय समय या परिस्थिति देखकर नहीं, बल्कि जरूरत देखकर काम करने वाले नेता थे। गंभीर बीमारी में भी वे मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उनकी सादगी, ईमानदारी और समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणा है।

मुख्य अतिथि सरयू राय ने कहा कि दीनानाथ पांडेय ने मजदूर आंदोलन और राजनीति दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने मजदूर हितों की रक्षा के लिए संघर्ष किया और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। बदलते श्रम कानूनों और परिस्थितियों के बावजूद मजदूरों का कल्याण आज भी प्राथमिक विषय है।

सरयू राय ने कहा कि दीनानाथ पांडेय द्वारा दिखाया गया रास्ता आज के मजदूर नेताओं के लिए मार्गदर्शक है। मजदूरों की सुरक्षा, उद्योगों की प्रगति और सामाजिक संतुलन बनाए रखना समय की मांग है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन आशुतोष राय ने किया, जबकि मंच संचालन पप्पू राव और अमरेश राय ने किया।

Share.
Exit mobile version