Bokaro News: एमजेएम पब्लिक स्कूल, बिजुलिया में शनिवार को खेल उत्साह और प्रतिस्पर्धा से भरपूर माहौल देखने को मिला, जब डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, बोकारो के तत्वावधान में जिले के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों के अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दमखम, अनुशासन और खेल भावना का शानदार परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ चंदनकियारी के विधायक सह पूर्व मंत्री उमाकांत रजक ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर डॉ. मो. मोईन अंसारी (निदेशक, एमजेएम पब्लिक स्कूल), जोशी वर्गीस (प्राचार्य, एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल), डॉ. मुकेश कुमार (प्राचार्य, डॉ. राजेंद्र प्रसाद पब्लिक स्कूल), , प्राचार्य अरमान राजा तथा प्रो. ऐनुल अनसारी (चेयरमैन, एमजेएम ग्रुप) सहित कई शिक्षाविद व गणमान्य लोग उपस्थित थे। मुख्य अतिथि उमाकांत रजक ने अपने संबोधन में कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं तथा बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल और टीवी से दूरी बनाकर खेल और पढ़ाई दोनों पर समान ध्यान देने की अपील की और इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को बधाई दी। डॉ. मो. मोईन अंसारी (निदेशक, एमजेएम पब्लिक स्कूल) ने कहा हमारे स्कूल में खेलकूद पतियोगिता होते रहती है।
बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी नाम रोशन करें।प्रतियोगिता में एमजेएम पब्लिक स्कूल बिजुलिया, द ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, जीजीपीएस चास, डॉ. राजेंद्र प्रसाद पब्लिक स्कूल, चिन्मया विद्यालय, रेनबो पब्लिक स्कूल, एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल तथा साउथ ईस्टर्न रेलवे इंटर कॉलेज भोजुडीह सहित कुल 16 टीमों ने बालक और बालिका वर्ग में भाग लिया। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने रोमांचक प्रदर्शन कर दर्शकों को खूब उत्साहित किया। बालक वर्ग में द ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, बोकारो ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि एमजेएम पब्लिक स्कूल, बिजुलिया द्वितीय और जीजीपीएस, चास तृतीय स्थान पर रहा। वहीं बालिका वर्ग में भी द ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, बोकारो ने खिताब अपने नाम किया। एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, बोकारो को द्वितीय तथा एमजेएम पब्लिक स्कूल, बिजुलिया को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।



