Hazaribagh: जिले में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। हजारीबाग DC के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। पदमा थाना क्षेत्र के दौरवा गांव में बुधवार सुबह छापेमारी कर एक अवैध शराब मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया गया।

सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में सुबह करीब 5:30 बजे की गई कार्रवाई के दौरान एक मुर्गी फार्म में विभिन्न ब्रांडों की नकली विदेशी शराब तैयार किए जाने का मामला सामने आया। छापेमारी में करीब 180 लीटर अवैध विदेशी शराब और 105 लीटर स्पिरिट बरामद की गई।इसके अलावा मौके से शराब निर्माण में प्रयुक्त लेबल, होलोग्राम, तैयार रंगीन शराब, कैरामेल, ढक्कन, कार्टन, पंचिंग मशीन तथा बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी जब्त की गईं।

उत्पाद विभाग ने मामले में दौरवा गांव निवासी अशोक बाड़ा समेत अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर ली है। सभी आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।छापेमारी दल में निरीक्षक उत्पाद सौरव कुमार झा, अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सैयद बसीरुद्दीन तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share.
Exit mobile version