चैनपुर (गुमला): कुरूमगढ़ थाना क्षेत्र के सरगांव के समीप तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो की चपेट में आने से साइकिल सवार एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल बच्चे की पहचान जीतवाहन उरांव, पिता बलदेव उरांव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बच्चा सरगांव में खेलने गया था। वहां से वह साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. प्रभात कुमार ने उसका प्राथमिक उपचार किया। बच्चे के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। इसके बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही कुरूमगढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात बोलेरो वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।






