पालकोट (गुमला): पालकोट थाना क्षेत्र के टेंगरिया पंचायत अंतर्गत खिजूर टोली गांव में एक पुत्र ने अपने ही पिता की डंडे से प्रहार कर हत्या कर दी। घटना शनिवार देर रात की है। मृतक की पहचान 70 वर्षीय कृष्णा महली के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पुत्र मारवाड़ी महली (40 वर्ष) बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक पिता-पुत्र के बीच सरकारी राशन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी मारवाड़ी महली का कहना था कि उसके दो बेटे हैं और उसे भी राशन का चावल चाहिए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। झड़प के दौरान मारवाड़ी महली ने डंडे से पिता के सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पालकोट थाना के एस.आई. रामचंद्र यादव पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।



