अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में आज एक सौहार्दपूर्ण मुलाकात देखने को मिली, जब घाटशिला विधानसभा से नवनिर्वाचित विधायक सोमेश सोरेन अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन तथा विधायक कल्पना सोरेन से मिलने पहुंचे। हालिया विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद यह पहली औपचारिक मुलाकात थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सोमेश सोरेन को जीत की हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह जीत केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि घाटशिला की जनता के विश्वास और आकांक्षाओं की जीत है। उन्होंने बताया कि जनता ने जिस भरोसे के साथ सोमेश सोरेन को अपना प्रतिनिधि चुना है, वह उनके सामने बड़ी जिम्मेदारी भी लेकर आता है। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय रामदास सोरेन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जनहित में कई महत्वपूर्ण कार्य शुरू किए थे, जिनके अधूरे सपने अब उनके पुत्र सोमेश सोरेन को आगे बढ़ाने होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय रामदास सोरेन ने हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी और क्षेत्र के विकास को लेकर एक स्पष्ट दृष्टि प्रस्तुत की थी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सोमेश सोरेन अपने पिता की सोच और विरासत को आगे बढ़ाते हुए जनसेवा के प्रति समर्पित रहेंगे।
मुलाकात के दौरान विकास कार्यों, क्षेत्र की प्राथमिकताओं और जनता की अपेक्षाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नए विधायक घाटशिला के हर वर्ग को साथ लेकर विकास की नई धारा को गति देंगे।
परिवारिक सौहार्द और राजनीतिक प्रतिबद्धता से भरी यह मुलाकात न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रही, बल्कि घाटशिला के लोगों के लिए भी आशा की नई किरण लेकर आई है। आने वाले समय में क्षेत्र में विकास और जनकल्याण के कार्यों की तेज गति की उम्मीद जताई जा रही है।

