अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Siwan: बिहार के सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अभी हरिहर छपरा हत्याकांड की जांच पूरी भी नहीं हो पाई थी कि बदमाशों ने एक और सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली है।
शुक्रवार की देर रात सईपुर गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मात्र 72 घंटे के भीतर हुई इस दूसरी वारदात के बाद से पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है।
मारे गए शख्स की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव के रहने वाले 48 साल के सोहन राम के तौर पर हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह पिछले कई सालों से अपने ससुराल सईपुर गांव में ही रह रहा था। शुक्रवार की रात वह अपने परिवार के साथ फूस के मकान में सो रहा था। इसी बीच देर रात अज्ञात हमलावर घर में दाखिल हुए और गहरी नींद में सोए सोहन राम पर धारदार हथियार से हमला कर उसका गला रेत दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि हमले के दौरान जब शोर हुआ, तो सोहन राम की पत्नी की आंख खुल गई। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा करने की कोशिश की, लेकिन जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते, हमलावर वारदात को अंजाम देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। लोगों ने देखा कि सोहन राम का शव खून से लथपथ पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की खबर मिलते ही सिसवन थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार पुलिस टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे और तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही एफएसएल (FSL) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक जांच की और कई अहम सबूत जुटाए हैं।
फिलहाल पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले की तेजी से जांच करने और अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने का आदेश दिया है। हालांकि, इस हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
कानून-व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल
आपको बता दें कि सिर्फ चार दिन पहले ही इसी थाना क्षेत्र के हरिहर छपरा गांव में भी अपराधियों ने घर के बाहर खटिया पर सो रहे एक नौजवान की गला रेतकर हत्या कर दी थी। उस मामले की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि बदमाशों ने दोबारा उसी अंदाज में इस दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया।
एक ही हफ्ते के अंदर दो खौफनाक हत्याओं ने सिसवन इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग अब पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
Read more: सीवान शूटआउट: 8 घंटे में ‘इंसाफ’! 8 घंटे में मुख्य आरोपी छोटू यादव का एनकाउंटर

