Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिए जाने से इलाके में दहशत फैल गई है। घटना शनिवार रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। अज्ञात अपराधियों ने टेबो से हलमद तक बन रही सड़क के निर्माण स्थल पर खड़ी जेसीबी मशीन में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, टेबो थाना से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर टेबो से हलमद तक लगभग 15 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। पिछले कई महीनों से निर्माण कार्य बंद पड़ा था। गुरुवार को ही खूंटी के ठेकेदार की ओर से निर्माण स्थल पर जेसीबी मशीन लाई गई थी। इसी बीच शनिवार रात अपराधियों ने मशीन को निशाना बनाते हुए आग लगा दी। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने मशीन को जलते देखा, लेकिन भय के कारण कोई भी बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
रविवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर टेबो थाना में तैनात प्रशिक्षु पुलिस पदाधिकारी बिरजू कुमार मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घटना के पीछे लेवी व रंगदारी वसूली की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अतीत में नक्सली संगठनों द्वारा विकास कार्यों में बाधा डालने के लिए निर्माण कार्य में लगी मशीनों को जलाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में इस वारदात ने क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
लंबे समय बाद इस संवेदनशील इलाके में सड़क निर्माण का काम शुरू होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन जेसीबी जलाए जाने की घटना से ठेकेदारों और स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है। आशंका है कि इस घटना के कारण विकास कार्य दोबारा प्रभावित हो सकता है।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि टेबो थाना क्षेत्र में जेसीबी मशीन जलाए जाने की सूचना मिली है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम के साथ चक्रधरपुर के एसडीपीओ और टेबो थाना प्रभारी को घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल लेवी या रंगदारी की पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। एसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।




