Tehran, Iran: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। समंदर में वर्चस्व की इस जंग के बीच वहां से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों पर खतरा लगातार मंडराता जा रहा है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक बार फिर से एक जहाज को हमले का निशाना बनाया गया है। यह अटैक किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से किया गया है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह जहाज किस देश से जुड़ा था या इस पर कितने क्रू मेंबर सवार थे।
ओमान तट के पास भी हुई थी घटनाएं
इससे पहले 10 सितंबर को ओमान के तट के पास दो जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई थी। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के अनुसार, एक जहाज के कप्तान ने करीब 6 समुद्री मील की दूरी से चार प्रोजेक्टाइल को दो जहाजों से टकराते हुए देखा था, जिससे इनमें से एक जहाज में आग लग गई थी। समुद्री सुरक्षा कंपनियों के मुताबिक, इनमें से एक जहाज पनामा के झंडे वाला ‘रोमांस’ क्रूड टैंकर था। करीब 50 हजार डेडवेट टन क्षमता वाले इस जहाज का स्वामित्व और प्रबंधन यूएई से किया जाता है।
मध्य पूर्व में बढ़ रहा समुद्री जोखिम
क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा संस्थाओं ने हाल के दिनों में मध्य पूर्व के जलक्षेत्र में जहाजों से जुड़ी कम से कम आठ बड़ी घटनाओं का जिक्र किया है। इनमें ईरानी टैंकरों पर अमेरिकी कार्रवाई और उसके बाद ईरान की जवाबी प्रतिक्रियाएं भी शामिल हैं। बीते 9 सितंबर को ‘हर्क्यूलिस स्टार’ पर हुए हमले में एक क्रू मेंबर की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल और एक लापता हो गया था।
वर्तमान में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के साथ-साथ अदन की खाड़ी और बाब-अल-मंदेब क्षेत्र में भी जहाजों के लिए सुरक्षा जोखिम बेहद गंभीर बने हुए हैं। स्थिति को देखते हुए इस मार्ग से गुजरने वाले तमाम जहाजों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।




