गुमला में आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ ने अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष ममता देवी के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में जिले के सभी 12 प्रखंडों से बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं शामिल हुईं। प्रदर्शन के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के माध्यम से सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

धरना सभा को संबोधित करते हुए संगठन मंत्री एवं भारतीय मजदूर संघ के उपाध्यक्ष रामचंद्र गोप ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए पोषाहार राशि अग्रिम रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राशि समय पर नहीं मिलने से बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय दुकानदारों द्वारा उधार सामग्री देने से इनकार किए जाने के कारण सेविकाओं को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।

भारतीय मजदूर संघ के पूर्व प्रदेश मंत्री संजय चक्रवर्ती ने आंगनवाड़ी कर्मियों को भविष्य निधि, ईएसआई और अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने की मांग उठाई। वहीं जिला अध्यक्ष ममता देवी ने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं और सर्वेक्षणों का कार्य आंगनवाड़ी कर्मचारियों से कराती है, लेकिन मानदेय का भुगतान समय पर नहीं होता।

उन्होंने आंगनवाड़ी कर्मियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, सेवानिवृत्त कर्मियों को ग्रेच्युटी भुगतान और पेंशन योजना लागू करने की मांग दोहराई। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री तारा देवी ने किया।

Share.
Exit mobile version