Jamshedpur News: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के मुखी बस्ती स्थित निराला पथ में 18 वर्षीय युवक पीयूष डे ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, पीयूष डे एक आइसक्रीम की दुकान में काम करता था। मंगलवार रात उसकी अपनी प्रेमिका से फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद के बाद वह अपने कमरे में चला गया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल उसे फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह मामले की सूचना सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने इस मामले में यूडी (अप्राकृतिक मौत) का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और फोन पर हुए विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आत्महत्या के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
