फॉण्ट कनवर्टर NEW

सड़क दुर्घटना में घायल वरिष्ठ अधिवक्ता मिथलेश प्रसाद का निधन, पिठोरिया क्षेत्र में शोक की लहर

तिरु फॉल हादसे के बाद इलाज के दौरान हुआ था निधन, स्थानीय ग्रामीणों में गहरी उदासी

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची। पिठोरिया के मदनपुर निवासी और क्षेत्र के जाने-माने वरिष्ठ अधिवक्ता मिथलेश प्रसाद (वकील साहब) अब हमारे बीच नहीं रहे। बीते शनिवार देर रात इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही पिठोरिया, बुढ़मू और आसपास के समूचे ग्रामीण इलाकों में गहरा शोक व्याप्त हो गया है।

उल्लेखनीय है कि 26 जुलाई को बुढ़मू थाना क्षेत्र स्थित तिरु जलप्रपात (तिरु फॉल) के समीप वे एक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। हादसे में वे गंभीर रूप से चोटिल हुए थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ दिनों से डॉक्टर उनके जीवन की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत थे, लेकिन शनिवार देर रात उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

दिवंगत मिथलेश प्रसाद न केवल कानून और विधि क्षेत्र में अपनी निपुणता के लिए जाने जाते थे, बल्कि उनका सहज-सरल स्वभाव, सौम्य व्यवहार और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय योगदान उन्हें हर वर्ग का प्रिय बनाता था। उनके असामयिक निधन से अधिवक्ता समाज के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों में गहरी उदासी छा गई है। क्षेत्रवासियों एवं अधिवक्ता बिरादरी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram