Chaibasa  News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के काटेपाड़ा जंगल में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में हत्या के आरोप में गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार 15 जून को काटेपाड़ा गांव के ग्रामीण मुंडा ने सूचना दी थी कि सुखदेवलंगर नाला के समीप जंगल में एक युवक का शव पड़ा हुआ है, जिससे दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेजा गया। प्रारंभिक जांच के बाद आसपास के गांवों में पहचान कराई गई, जिसमें मृतक की पहचान छोटामहुलडीहा निवासी 20 वर्षीय मुकेश बारजो के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का गांव के ही फंटुस लागुरी के साथ कुछ दिनों पूर्व विवाद हुआ था। परिजनों ने बताया कि विवाद के दौरान आरोपी ने मुकेश को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी।

मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो के लिखित आवेदन पर जगन्नाथपुर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच एवं छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 16 जून को आरोपी फंटुस लागुरी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मु, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी टिंकु कुमार दास, विश्वनाथ हेम्ब्रम, मनमथो प्रधान, तकनीकी शाखा के अभय कुमार तथा जगन्नाथपुर थाना की सशस्त्र पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share.
Exit mobile version