Ranchi : झारखंड में नवंबर के पहले सप्ताह में रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास और तकनीकी कार्यों के कारण 2 से 8 नवंबर 2026 तक कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कुछ मेमू ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं चलेंगी।
रेलवे के अनुसार, 2, 5 और 8 नवंबर को आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू ट्रेन (68046/68045) और आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू ट्रेन (63594/63593) रद्द रहेंगी।
इसके अलावा टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम मेमू ट्रेन (68056/68060) का परिचालन भी 2, 5 और 8 नवंबर को प्रभावित रहेगा। इन तारीखों में यह ट्रेन आद्रा स्टेशन तक ही चलेगी। आद्रा और आसनसोल के बीच इसका परिचालन नहीं होगा।
वहीं, 3, 4, 6 और 7 नवंबर को आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू ट्रेन (63594/63593) आद्रा तक ही चलेगी। इन दिनों आद्रा और पुरुलिया के बीच ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।
बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस भी होगी प्रभावित
रेलवे के तकनीकी कार्यों का असर बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस (18184) पर भी पड़ सकता है। 2, 5 और 8 नवंबर को जरूरत पड़ने पर इस ट्रेन को रास्ते में 45 से 60 मिनट तक रोका जा सकता है। इससे ट्रेन अपने गंतव्य तक देरी से पहुंच सकती है।
रेलवे के इस फैसले से आसनसोल, आद्रा, पुरुलिया और टाटानगर रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति जरूर जांच लें।






