Lohardaga News: भारतीय जनता पार्टी जिला लोहरदगा द्वारा गुरुवार को स्थानीय नॉवेल्टी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव उपस्थित रहे। प्रेस को संबोधित करते हुए समीर उरांव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के लिए सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े एवं वंचित वर्गों के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है।
आज भारत आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है तथा विश्व मंच पर एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जन-जन तक केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का संदेश पहुंचाने में जुटा है। समीर उरांव ने विशेष रूप से जनजातीय समाज के विकास को केंद्र सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वन धन विकास केंद्र तथा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं।
झारखंड में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे, सड़क, ऊर्जा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में केंद्र सरकार ने अभूतपूर्व निवेश किया है। इसी क्रम में लोहरदगा से धर्मजयगढ़ तक लगभग 293 किमी लंबी रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है, जो क्षेत्र के विकास, रोजगार और औद्योगिक संभावनाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना का सर्वेक्षण कार्य लगभग दो वर्ष पूर्व पूरा हो चुका था और राज्यसभा सदस्य रहते हुए उन्होंने स्वयं कई बार इस मुद्दे को सदन में उठाने के साथ रेल मंत्री से मिलकर इसे शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि लोहरदगा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के सतत प्रयासों का ही परिणाम है कि आज क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है तथा राजधानी जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन का परिचालन भी संभव हो सका है। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। इस दौरान समीर उरांव ने राज्य सरकार की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में कई विकास योजनाएं भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन की भेंट चढ़ रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि हर घर नल-जल योजना समेत कई परियोजनाओं में व्यापक अनियमितताएं सामने आई हैं, जबकि अनेक सड़क परियोजनाएं वर्षों से अधूरी पड़ी हैं। इससे विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है और आम जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पारदर्शी नीतियों, जनहितकारी योजनाओं और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण देश में गरीबी उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। भारत आज विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे तथा विकास और जनकल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री मनीर उरांव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश सिंह, पूर्व माटी कला बोर्ड अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति, रिपुसूदन साहू, जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन अग्रवाल, जिला महामंत्री पशुपतिनाथ पारस, मिथुन तमेड़ा, मनीष शिखर, सुरेश बैठा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
