फॉण्ट कनवर्टर NEW

नीमडीह: कुएं में फंदे से लटका मिला युवती का सड़ा-गला शव, इलाके में सनसनी

Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सीरका गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सिंचाई कुएं के अंदर अज्ञात युवती का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। ग्रामीणों द्वारा दुर्गंध आने और संदिग्ध स्थिति दिखने पर इसकी

अपनी भाषा में पढ़ें

Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सीरका गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सिंचाई कुएं के अंदर अज्ञात युवती का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। ग्रामीणों द्वारा दुर्गंध आने और संदिग्ध स्थिति दिखने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची नीमडीह थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया।

कुएं की गहराई और अंदर पानी भरे होने के कारण शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके लिए हाइड्रा और पोकलेन मशीन की सहायता ली गई। काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला गया, जो पूरी तरह सड़-गल चुका था। शव की स्थिति ऐसी थी कि उसकी पहचान कर पाना फिलहाल संभव नहीं हो सका है।

थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। युवती ने दुपट्टे के सहारे फंदा बनाकर कुएं के अंदर ही झूलकर अपनी जान दी होगी। कुएं के भीतर नीचे उतरने के लिए पत्थरों से बने अस्थायी सीढ़ीनुमा रास्ते भी पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवती स्वयं नीचे उतरी और फिर यह कदम उठाया।

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 20 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव पर चेकदार गुलाबी रंग का पायजामा, पिंक रंग का दुपट्टा और सफेद रंग का सलवार-कमीज पाया गया है। पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव बुरी तरह सड़ चुका है, जिससे पहचान में कठिनाई हो रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर मृतका की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और इसे अभी संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से पड़ताल जारी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram