Jamshedpur News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साकची स्थित जिला कार्यालय में शुक्रवार को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, पूर्वी सिंहभूम के नए जिला अध्यक्ष के रूप में मो. शौकत हुसैन की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मो. जमीरुद्दीन अंसारी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन में नई ऊर्जा और गति की उम्मीद जताई। घोषणा के बाद जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मो. हुसैन का गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष शम्भू नाथ चौधरी ने कहा कि मो. शौकत हुसैन की नियुक्ति संगठन को मजबूती प्रदान करेगी और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि नए जिला अध्यक्ष के रूप में मो. हुसैन टीम को बेहतर नेतृत्व देंगे और संगठन को नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर करेंगे।

बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन कुमार ने भी मो. शौकत हुसैन की सराहना करते हुए कहा कि वे सक्रिय, मेहनती और जमीनी नेता हैं, जिनके नेतृत्व में अल्पसंख्यक समाज में पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नए अध्यक्ष को शुभकामनाएँ देते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत और जनहित में समर्पित रखने का संकल्प दोहराया।

Share.
Exit mobile version