Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में श्रम विभाग की योजनाओं, कौशल विकास केंद्रों और रोजगार मेलों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सक्षम, वृहद और बिरसा श्रेणी के तहत संचालित कौशल विकास केंद्रों की व्यवस्था, प्रशिक्षण, प्लेसमेंट और प्रशिक्षार्थियों की संख्या की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में भोजन, छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए श्रम अधीक्षक को नियमित निरीक्षण का निर्देश दिया। उन्होंने संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के साथ 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने और नियमानुसार आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि जिले में आयोजित छह रोजगार मेलों के माध्यम से 678 युवाओं को रोजगार मिला है। उपायुक्त ने सभी आईटीआई प्रशिक्षार्थियों को रोजगार मेलों से जोड़ने और नियमित करियर काउंसलिंग चलाने के निर्देश दिए।



