Koderma news: अंतरराष्ट्रीय यातना विरोधी दिवस के अवसर पर मानवाधिकार जन निगरानी समिति द्वारा झारखंड के कोडरमा जिला स्थित ध्वजाधारी धाम, सर लोक विद्यालय में यातना से संघर्षरत पीड़ितों के सम्मान में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन समिति के राष्ट्रीय संयोजक ओंकार विश्वकर्मा ने किया।इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए यातना एवं उत्पीड़न से संघर्षरत पीड़ितों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से रौनक कुमार यादव, राजेंद्र प्रसाद, मनी कुमारी, विक्रम कुमार यादव, ममता देवी, रोहित स्वर्णकार, भीम कुमार, अजय राम, अशोक कुमार विश्वकर्मा एवं काजल भारती सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान सभी पीड़ितों ने अपने-अपने संघर्षों और पीड़ाओं को एक-दूसरे के साथ साझा किया तथा अन्याय के विरुद्ध एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया।इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक ओंकार विश्वकर्मा ने कहा कि “मानवाधिकार जन निगरानी समिति हमेशा यातना एवं उत्पीड़न के शिकार लोगों के साथ मजबूती से खड़ी रहती है।

हमारा उद्देश्य पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करना, उन्हें उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा देश में कानून के शासन को सशक्त बनाना है।उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय यातना विरोधी दिवस केवल एक औपचारिक अवसर नहीं, बल्कि यह मानव गरिमा, न्याय और मानवाधिकारों की रक्षा के प्रति समाज एवं शासन की सामूहिक जिम्मेदारी की याद दिलाता है। इसी उद्देश्य से समिति द्वारा संघर्षरत पीड़ितों का सम्मान कर उन्हें अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का समापन मानवाधिकारों की रक्षा, पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा समाज में सम्मान और समानता की भावना को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ हुआ।

Share.
Exit mobile version