फॉण्ट कनवर्टर NEW

रांची के वार्ड 16 में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, अवैध दुकानें और शेड हटाए गए

रांची नगर निगम ने गुरुवार को सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। निगम की टीम ने करबला चौक से बहुबाजार मार्ग के पास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान करीब 14 अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। इनमें दुकानें, गुमटियां, अवैध मीट

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : रांची नगर निगम ने गुरुवार को सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। निगम की टीम ने करबला चौक से बहुबाजार मार्ग के पास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान करीब 14 अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। इनमें दुकानें, गुमटियां, अवैध मीट दुकानें, शेड और जर्जर बाउंड्री वॉल शामिल हैं।

यह कार्रवाई वार्ड संख्या 16 के मौजा कोनका में सरकारी जमीन और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ की गई। नगर निगम के अनुसार, अवैध रूप से दुकानें और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां चलने के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा था।

सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा

अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे बनी दुकानों, गुमटियों और अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया। इसके अलावा एक जर्जर बाउंड्री वॉल को भी तोड़ा गया।

निगम के मुताबिक, बाउंड्री वॉल हटने से सुलभ शौचालय तक लोगों का पहुंचना आसान हो गया है। साथ ही सड़क पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही में भी सुविधा होगी।

अतिक्रमण हटाने के लिए दिया गया था तीन दिन का समय

नगर निगम ने कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को सूचना जारी कर तीन दिनों के अंदर सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया था।

निगम ने चेतावनी दी थी कि तय समय के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाने पर निगम की टीम खुद कार्रवाई करेगी। इसके बाद गुरुवार को अभियान चलाकर अवैध संरचनाओं को हटा दिया गया।

बिना अनुमति दुकान लगाने पर होगी कार्रवाई

रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि करबला चौक से बहुबाजार मार्ग पर बिना अनुमति दुकान लगाने, फल-सब्जी बाजार चलाने या किसी भी तरह की व्यावसायिक गतिविधि करने की इजाजत नहीं होगी।

निगम ने लोगों को सरकारी जमीन, सड़क किनारे और सार्वजनिक रास्तों पर दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी है।

नगर निगम का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram