Jamshedpur News: औद्योगिक नगरी जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से अधर में लटका जमशेदपुर प्रोफेशनल कॉलेज अब शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होगा। सरकार ने इसे संचालित करने की औपचारिक स्वीकृति दे दी है। कॉलेज को ‘इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज’ के रूप में विकसित किया जाएगा और इसका संचालन राज्य सरकार स्वयं करेगी। इसे पीपीपी मोड पर देने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने विधानसभा में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया था। उन्होंने तैयार भवन के बावजूद कॉलेज शुरू नहीं होने पर सवाल किया था। सरकार ने जवाब में स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और आगामी सत्र से पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी।

सरकार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार यहां मास्टर इन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए), इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट (आईपीएम) और डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (डीसीए) जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित होंगे। इससे स्थानीय छात्रों को उच्च स्तरीय प्रोफेशनल शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में सिदगोड़ा स्थित इस भवन का निर्माण कराया गया था, लेकिन बीते कई वर्षों से यह उपयोग में नहीं आ सका था। अब कॉलेज की शुरुआत से कोल्हान के युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। विधायक पूर्णिमा साहू ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में यहां कौशल विकास से जुड़े और पाठ्यक्रम भी जोड़े जाएंगे, जिससे क्षेत्र में शिक्षण और रोजगार दोनों को नई दिशा मिलेगी।

Share.
Exit mobile version