Ranchi News: रातू थाना क्षेत्र के इतवार बाजार में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला से सोने की चैन छीनकर दो स्नैचर फरार हो गए। घटना करीब 1:55 बजे की है, जब प्रियदर्शिनी दुबे, जो अशोक सिंह के मकान में किराए पर रहती हैं, अपने बच्चे को लेने बस स्टॉप की ओर जा रही थीं।

अपाची बाइक पर आए स्नैचर, कुछ सेकेंड में वारदात

पीड़िता जैसे ही सड़क पर पहुँचीं, उसी वक्त काले रंग की अपाची बाइक पर दो युवक वहां आए और गले से 10 ग्राम की सोने की चैन झपटकर तेज रफ्तार में ब्लॉक रोड की ओर भाग निकले। महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन बाइक इतनी तेजी से निकल चुकी थी कि कोई पीछा नहीं कर पाया।

घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घटना पास ही एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर दिखाई दे रही है। बाइक का मॉडल, नंबर का कुछ हिस्सा और दोनों युवकों की झलक पुलिस ने फुटेज से निकाल ली है। थाना प्रभारी रामनरायण सिंह ने बताया कि तकनीकी जांच के आधार पर स्नैचरों की पहचान की जा रही है और कई संभावित जगहों पर छापेमारी भी चल रही है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोग खासे दहशत में हैं और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

Share.
Exit mobile version