मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार को 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। परिवार की ओर से जारी बयान में निधन की जानकारी दी गई है। परिवार ने इस दुख की घड़ी में लोगों से निजी जीवन का सम्मान करने और प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है।
यश राज फिल्म्स की ओर से जारी बयान में बताया गया कि कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार दोपहर निधन हुआ। परिवार ने लोगों से मिले प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए आभार जताया है। फिलहाल उनके निधन की वजह की जानकारी सामने नहीं आई है।
बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी थीं
कृष्णा मुखर्जी का बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से भी जुड़ाव रहा था। उन्होंने प्लेबैक सिंगर के तौर पर भी काम किया था। उन्हें कई मौकों पर बेटी रानी मुखर्जी के साथ देखा गया था।
रानी मुखर्जी अपनी मां के साथ अपने करीबी रिश्ते के बारे में कई बार बात कर चुकी हैं। फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ में उनके किरदार के लिए भी रानी ने अपनी मां से प्रेरणा ली थी।
रानी मुखर्जी का फिल्मी करियर
रानी मुखर्जी ने ‘गुलाम’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘साथिया’, ‘हम तुम’ और ‘ब्लैक’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम किया है। उन्हें ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है।
रानी मुखर्जी ने फिल्म निर्माता-निर्देशक आदित्य चोपड़ा से शादी की है। दोनों की एक बेटी आदिरा है।




