Ranchi News: राजधानी में प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध धंधे को जड़ से मिटाने के लिए रांची पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सिटी डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ‘सैली ट्रेडर्स’ कंपनी और उससे जुड़े तीन अलग-अलग ठिकानों पर दोबारा छापेमारी की। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी इसी कंपनी में दस्तक दी थी, जिसके बाद से ही कंपनी के मालिक भोला प्रसाद और उनके नेटवर्क पर पुलिस की पैनी नजर थी।

ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में बनी SIT; 8 अफसर करेंगे जांच

प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए रांची पुलिस ने एक 8 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस एसआईटी का नेतृत्व ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर कर रहे हैं, जबकि सिटी डीएसपी केबी रमन को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। यह टीम न केवल सैली ट्रेडर्स के दस्तावेजों की जांच करेगी, बल्कि नशे की इन बोतलों के सप्लाई चेन और इसके पीछे छिपे बड़े खिलाड़ियों का भी पता लगाएगी।

UP क्राइम ब्रांच के इनपुट पर मांडर में मिला था जखीरा

इस पूरे मामले की कड़ियां उत्तर प्रदेश से भी जुड़ी हुई हैं। हाल ही में यूपी क्राइम ब्रांच से मिली गुप्त सूचना के आधार पर रांची के मांडर थाना क्षेत्र में एक ट्रक को पकड़ा गया था, जिसमें से 13,000 से अधिक प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें बरामद की गई थीं। इसी बरामदगी के बाद पुलिस का शिकंजा सैली ट्रेडर्स पर कसता चला गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इंडस्ट्रियल एरिया की आड़ में चल रहे इस अवैध कारोबार के तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं, जिसका खुलासा अब एसआईटी की जांच में होगा।

Share.
Exit mobile version