Ranchi News: रांची के लोगों के लिए अच्छी खबर है। नगर निगम अब “आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार” कार्यक्रम को और ज्यादा आसान बना रहा है। इसके तहत शहर के सभी 53 वार्डों में 21 नवंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक खास शिविर लगाए जाएंगे, ताकि लोग घर के पास ही अपनी जरूरत के सरकारी काम निपटा सकें। गुरुवार की बैठक में निगम प्रशासक ने यह साफ निर्देश दिया कि हर शिविर व्यवस्थित, पारदर्शी और लोगों के लिए पूरी तरह सहायक होना चाहिए।

लोगों को एक ही जगह मिलेंगी 18 तरह की सेवाएं

इन शिविरों का मकसद यह है कि कोई भी नागरिक जन्म प्रमाण-पत्र से लेकर पानी कनेक्शन या पेंशन के आवेदन तक- बिना चक्कर लगाए एक ही जगह अपनी फाइल जमा कर सके। शिविर में पहुंचने वाले लोगों को सेवाओं से जुड़ी पूरी जानकारी, आवेदन फॉर्म और मौके पर शिकायत निवारण की सुविधा मिलेगी। निगम ने साफ कहा है कि आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई में देरी नहीं होगी। कोशिश यही रहेगी कि ज्यादातर काम वहीं मौके पर निपटा दिए जाएं।

पहले दिन कहां लग रहा शिविर?

21 नवंबर को दो वार्डों में शिविर शुरू होंगे।
वार्ड 01: सीएनपीई/आईआईपीएस स्कूल के सामने, मार्केट के पास।
वार्ड 02: एलुआतो, जोटो पहाड़ के नजदीक।

ये 18 काम करवाने के लिए लोग कर सकेंगे आवेदन

शिविर में जन्म और मृत्यु पंजीकरण, पानी कनेक्शन, जल कर भुगतान, ट्रेड लाइसेंस, पीएम आवास योजना, पीएम स्वनिधि, पेंशन आवेदन, नाले-निकासी योजना, संपत्ति कर भुगतान, मुफ्त स्वास्थ्य जांच, कफन/कंबल वितरण, घर का स्वकर/किराया भुगतान और ठोस कचरा प्रबंधन शुल्क में छूट जैसे काम शामिल हैं। निगम का कहना है कि शहर के हर वार्ड में खास टीम तैनात रहेगी, जो लोगों की मदद करेगी और सुनिश्चित करेगी कि कोई भी सेवा अधूरी न रहे।

लोगों को मिलेगी असली सुविधा- घर के पास सेवा

यह पूरा अभियान इसी सोच के साथ चलाया जा रहा है कि नागरिकों को दफ्तर के चक्कर न लगाने पड़ें। निगम अधिकारियों का मानना है कि यह पहल खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बहुत मददगार साबित होगी।

Share.
Exit mobile version