रामगढ़: रामगढ़ जिले के सीसीएल बरका सयाल क्षेत्र स्थित उरीमारी कोलियरी में शनिवार की देर रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा पेश आया है। यहां एक आउटसोर्सिंग कंपनी में रात्रि पाली (नाइट शिफ्ट) के दौरान काम कर रहे दो मजदूरों की ओबी (ओवरबर्डन) गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और फिलहाल खदान में उत्पादन का काम पूरी तरह से ठप कर दिया गया है।
मलबे के ढेर में दबे मजदूर; प्रबंधन पर उठे सुरक्षा के सवाल
जानकारी के अनुसार, जिस समय यह हादसा हुआ, मजदूर आउटसोर्सिंग पैच में गहराई पर काम कर रहे थे। अचानक खदान के ऊपर से भारी मात्रा में ओबी का ढेर उन पर गिर पड़ा। साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। आनंद-फानन में मशीनों के जरिए मलबे को हटाने की कोशिश शुरू की गई, लेकिन घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद जब उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण ही यह जानलेवा हादसा हुआ है।
मुआवजे और नौकरी पर अड़े यूनियन नेता; ठप पड़ा है काम
हादसे की खबर फैलते ही यूनियन नेता राजू यादव अपने समर्थकों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुँच गए। आक्रोशित भीड़ ने आउटसोर्सिंग कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए काम को बंद करा दिया। रात से ही कोयला ढुलाई और उत्खनन का कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। आंदोलनकारियों की मांग है कि मृतक के परिजनों को तत्काल नौकरी और उचित मुआवजा दिया जाए, साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज हो। पुलिस प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन फिलहाल आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश में जुटा है।



