Ramgarh News: रामगढ़ शहर के प्रतिष्ठित पंचवटी अपार्टमेंट में चोरी की बड़ी वारदात ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सी ब्लॉक के तीन फ्लैटों का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 20 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने अपार्टमेंट में लगे खराब सीसीटीवी कैमरों का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

चोरी का मामला सबसे पहले सी ब्लॉक के फ्लैट नंबर 304 में सामने आया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जब जांच कर रही थी, उसी दौरान फ्लैट नंबर 305 का ताला भी टूटा हुआ पाया गया। इसके बाद 24 घंटे के भीतर ही फ्लैट नंबर 104 में भी चोरी की सूचना मिली, जिससे पूरे अपार्टमेंट में दहशत का माहौल बन गया।

फ्लैट नंबर 104 में बिहार फाउंड्री के महाप्रबंधक सिंधु राज सिंह रहते हैं, जो अपने पूरे परिवार के साथ तीर्थ यात्रा पर गए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक वे घर नहीं लौटे थे, ऐसे में इस फ्लैट से हुई चोरी की वास्तविक क्षति का आकलन नहीं हो सका है।

सी ब्लॉक के फ्लैट नंबर 304 में पंजाब नेशनल बैंक, गिद्दी शाखा के प्रबंधक मनीष कुमार अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। मनीष कुमार ने बताया कि उनके घर से करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और लगभग 50 हजार रुपये नकद की चोरी हुई है। उन्होंने सीधे तौर पर सोसाइटी प्रबंधन और सुरक्षा गार्ड की लापरवाही को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि बिना अंदरूनी मिलीभगत के इस तरह की वारदात संभव नहीं लगती।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने फॉरेंसिक जांच के आदेश दिए हैं। रांची से आई फॉरेंसिक टीम ने परमेश्वर प्रसाद की मौजूदगी में फ्लैट नंबर 304, 305 और 104 का बारीकी से निरीक्षण किया। ताले तोड़ने के तरीके और बिखरे सामान से अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौके से कई फिंगरप्रिंट भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस को फ्लैट नंबर 104 के पास लगे एक चालू सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी मिला है, जिसमें दो चोर दिखाई दे रहे हैं। हालांकि दोनों ने चेहरे ढक रखे हैं। पुलिस उनके कपड़ों, हाव-भाव और कद-काठी के आधार पर पहचान करने में जुटी है।

पंचवटी अपार्टमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष मोहन झा ने बताया कि चोरी की घटना के बाद सभी फ्लैट मालिकों में भय का माहौल है। मंगलवार को सोसाइटी की आपात बैठक भी बुलाई गई। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों और सोसाइटी सचिव सुदीप सरकार की स्वास्थ्य संबंधी व्यस्तताओं के कारण सीसीटीवी की मरम्मत में देरी हुई थी।

सोसाइटी प्रबंधन ने चोरी में किसी सदस्य या सुरक्षा गार्ड की संलिप्तता से इनकार किया है। फिलहाल अपार्टमेंट को हाई अलर्ट पर रखा गया है और नए सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share.
Exit mobile version