Ramgarh News: रामगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर युवती के साथ यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। बोकारो जिले की रहने वाली एक युवती ने इस संबंध में रामगढ़ महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

पीड़िता के मुताबिक आरोपी युवक अजमल अंसारी बोकारो जिले के जरंगडीह, कथारा स्थित सावित्री कॉलोनी का निवासी है। वह गुरु सारथी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन नामक एनजीओ से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। आरोपी ने युवती को एनजीओ में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रामगढ़ बुलाया था।

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि एनजीओ की बैठक के बहाने आरोपी ने उसे रामगढ़ मेन रोड स्थित होटल पायल में बुलाया, जहां 8 फरवरी को उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपी ने इस दौरान उसका अश्लील वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर चुप रहने का दबाव बनाया।

पीड़िता के अनुसार यह पहली घटना नहीं थी। इससे पहले भी आरोपी कई बार उसे रामगढ़ बुलाकर होटल और अन्य स्थानों पर शारीरिक शोषण करता रहा। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था और मानसिक दबाव बनाकर जबरन मतांतरण के लिए भी मजबूर कर रहा था।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है। महिला थाना पुलिस आरोपी की भूमिका, एनजीओ से उसके संबंध और घटनाओं के क्रम की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Share.
Exit mobile version