Ramgarh: झारखंड के रामगढ़ जिला अंतर्गत रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर स्थित अहमद नगर से बीते 18 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई दो नाबालिग किशोरियों को पुलिस ने हरियाणा के जींद जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए बिहार के दरभंगा निवासी दो सगे भाई-बहन नंदनी कुमारी उर्फ नंदन और हरिनंदन पासवान को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि बरामद किशोरियों को सुरक्षित रामगढ़ लाकर उनकी मेडिकल जांच और काउंसिलिंग की जा रही है।
सोशल मीडिया पर दोस्ती और शादी का झांसा
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि मुख्य आरोपी नंदनी कुमारी ने सोशल मीडिया के जरिए दोनों नाबालिग किशोरियों से संपर्क साधा था। धीरे-धीरे बातचीत और दोस्ती गहरी होने के बाद नंदनी ने दोनों को अपने जाल में फंसाया और अपने भाई से शादी कराने का प्रलोभन दिया। इसी झूठे झांसे में बहला-फुसलाकर वह दोनों किशोरियों को चुपके से घर से निकालकर पहले दिल्ली और फिर हरियाणा ले गई। परिजनों ने जब काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं पाया, तो रजरप्पा थाने में गुमशुदगी और अपहरण की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

दिल्ली से हरियाणा तक चला पुलिस ऑपरेशन
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर सब-इंस्पेक्टर मो. एकबाल के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। लोकेशन ट्रैक करते हुए टीम सबसे पहले दिल्ली पहुंची, जहां से अहम सुराग हाथ लगने पर जांच का दायरा हरियाणा तक बढ़ाया गया। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय पुलिस के साथ दिल्ली और हरियाणा चाइल्ड लाइन की भी सक्रिय मदद ली गई।
नरवाना स्टेशन से दबोचे गए आरोपी
तकनीकी साक्ष्यों से पुष्टि हुई कि दोनों नाबालिग हरियाणा के जींद जिले में मौजूद हैं। इसके तुरंत बाद रामगढ़ पुलिस टीम ने जींद के नरवाना रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर सघन निगरानी शुरू की। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों नाबालिगों को सकुशल मुक्त करा लिया और मौके से ही भागने की फिराक में खड़े दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।




