रांची : झारखंड में 24 सितंबर को कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
रांची, गुमला और खूंटी में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और बोकारो में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बारिश के दौरान कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। गरज के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
25 से 29 सितंबर तक भी बारिश के आसार
25 सितंबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवा और वज्रपात का खतरा भी रहेगा।
26 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। 27 से 29 सितंबर के बीच भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
रांची में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रांची में 24 सितंबर को दिनभर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 25 सितंबर को भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 26 से 29 सितंबर के बीच रांची में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।




