मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इससे निचले इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है।
वहीं, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ बिजली गिरने का भी खतरा है।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे और खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें। किसानों और खेतों में काम करने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।




