Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में अपराधी बेलगाम होते नजर आ रहे हैं। कुख्यात राहुल सिंह गैंग अब पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। बुधवार शाम बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित विकास हॉस्पिटल के बाहर इस गैंग के एक गुर्गे ने सरेआम फायरिंग कर पुलिसिया इकबाल को चुनौती दे दी। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन गोलियों की गूंज ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

सीसीटीवी में कैद हुई लाइव वारदात

वारदात शाम करीब 5 बजे की है, जब एक बाइक सवार अपराधी विकास हॉस्पिटल के गेट पर पहुंचा और ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद अपराधी बड़ी आसानी से रामगढ़ रोड की ओर फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। रांची सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधी की पहचान कर रही है और अस्पताल प्रबंधन से भी पूछताछ की गई है।

कारोबारी को सीधी धमकी: ‘मैनेज करो वरना मरेगा परिवार’

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह फायरिंग महज इत्तेफाक नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। गोलीबारी अस्पताल के बाहर हुई, लेकिन इसका असली निशाना पास के एक कार शोरूम के संचालक को डराना था। दुस्साहस का आलम यह है कि घटना के तुरंत बाद राहुल सिंह गैंग ने सोशल मीडिया पर एक कथित ‘प्रेस रिलीज’ जारी की। इसमें साफ लिखा है कि अगर शोरूम संचालक ने “मैनेज” (रंगदारी) नहीं किया, तो अगली गोली सीधे संचालक और उसके परिवार को लगेगी।

एके-47 और अंतरराज्यीय नेटवर्क का दावा

जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इस गैंग का जाल रांची से लेकर पलामू और बिहार की राजधानी पटना तक फैला हुआ है। गैंग ने अपने पत्र में दावा किया है कि उनके पास एके-47 जैसे घातक हथियारों की खेप पहुंच चुकी है। लगातार हो रही इन वारदातों ने रांची पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के कारोबारी वर्ग में इस घटना के बाद भारी असुरक्षा का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Share.
Exit mobile version