Bihar News: बिहार में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और ट्रेड यूनियनों की हड़ताल के समर्थन में मंगलवार को हुए बिहार बंद का व्यापक असर राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में देखने को मिला। बंद के समर्थन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव एकजुट होकर सड़क पर उतरे और राजधानी में विरोध मार्च में हिस्सा लिया।

पटना के आयकर गोलंबर से शुरू हुए इस मार्च में राहुल गांधी ने बंद समर्थकों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हाथ में संविधान की प्रति लेकर कहा, “बिहार में वोट चोरी की कोशिश हो रही है। महाराष्ट्र में चुनाव चुराया गया था और अब बिहार में भी वही किया जा रहा है। गरीबों का वोट छीनने की साजिश है।”

राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि चाहे चुनाव आयोग हो या अन्य संस्थाएं, यदि वे संविधान से हटकर काम करेंगी, तो उन्हें कानून का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का रवैया भाजपा जैसा हो गया है, जो बेहद चिंताजनक है।

राहुल ने कहा, “हमने चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की, लेकिन वे जैसे भाजपा के प्रवक्ता बन गए हैं। उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि वे किसी पार्टी के नहीं बल्कि संविधान के प्रतिनिधि हैं।”

मार्च में राहुल गांधी के साथ विपक्ष के अन्य बड़े नेता जैसे तेजस्वी यादव, भाकपा माले के दीपंकर भट्टाचार्य और वीआईपी पार्टी के मुखिया मुकेश सहनी भी मौजूद थे। भारी संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ता इस मार्च में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान रैली में “संविधान बचाओ – लोकतंत्र बचाओ” जैसे नारे गूंजते रहे। इस मार्च और राहुल गांधी के तीखे बयान ने बिहार की राजनीति में नई गर्मी पैदा कर दी है।

Share.
Exit mobile version